बचेली एनएमडीसी क्षेत्र में पसरी गंदगी पर उठे सवाल, जिम्मेदारी को लेकर बढ़ी खींचतान पालिका अध्यक्ष की दो टूक।

पालिका अध्यक्ष ने लगाया दोहरे मापदंड का आरोप, वार्ड पार्षद की कार्यशैली पर भी उठे प्रश्न। 

बचेली। NMDC Limited क्षेत्र में फैली गंदगी को लेकर स्थानीय स्तर पर सवालों का दौर तेज हो गया है। नगर के बाजार एवं अंदरूनी इलाकों में लंबे समय से साफ-सफाई की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिससे स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में नाराज़गी देखी जा रही है।
नगरपालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने एनएमडीसी प्रबंधन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।

 उनका कहना है कि एनएमडीसी अपने मुख्य परिसर और आवासीय क्षेत्रों की सफाई पर विशेष ध्यान देता है, लेकिन बाजार क्षेत्र के कई हिस्सों में सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने बताया कि केवल एनएमडीसी द्वारा निर्मित शॉपिंग सेंटर, सब्जी बाजार और चौपाटी की ही नियमित सफाई कराई जाती है, जबकि अंदरूनी बाजार में वर्षों से गंदगी पसरी हुई है। सफाई कर्मियों की वहां नियमित उपस्थिति नहीं देखी जाती।

मटन मार्केट के मुख्य द्वार के सड़क की ओर खुलने के कारण उसकी सफाई को लेकर भी जिम्मेदारी तय नहीं हो पा रही है। इस पर पालिका अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि यदि एनएमडीसी इन क्षेत्रों को अपनी जिम्मेदारी नहीं मानता, तो इन्हें औपचारिक रूप से नगरपालिका को हस्तांतरित कर देना चाहिए, ताकि पालिका वहां नियमित सफाई और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध करा सके।
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि जिस वार्ड में गंदगी की समस्या प्रमुख रूप से सामने आ रही है, वहां के पार्षद सतीश प्रेम चंदानी वर्तमान में पालिका उपाध्यक्ष भी हैं।

 ऐसे में वार्ड की साफ-सफाई की स्थिति को लेकर उनकी कार्यशैली पर भी स्वाभाविक रूप से प्रश्न उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित प्रबंधन के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post