पाढ़ापुर की ‘भाई-बहन’ पहाड़ी पर एनएमडीसी का गुप्त सर्वे, ग्रामीणों में भारी आक्रोश — टीम को खदेड़ा।

बिना ग्राम सभा और सूचना के सर्वे पर सवाल, सरपंच-पूर्व सरपंचों ने जताई कड़ी आपत्ति; पारदर्शिता की उठी मांग। 

बचेली (दंतेवाड़ा) :
पाढ़ापुर क्षेत्र में स्थित ‘भाई-बहन’ नामक पहाड़ी पर एनएमडीसी द्वारा कथित रूप से किए जा रहे अज्ञात सर्वे को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। इमली पेड़ के पास बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एकत्रित हुए और बिना पूर्व सूचना एवं ग्राम सभा के सर्वे किए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि न तो ग्राम सभा आयोजित की गई और न ही एनएमडीसी की ओर से किसी प्रकार की आधिकारिक जानकारी दी गई। ऐसे में अचानक चल रहे इस सर्वे को लेकर लोगों में संदेह और नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर यह सर्वे किस उद्देश्य से और किस अनुमति के आधार पर किया जा रहा था।

मौके पर पहुंचे एनएमडीसी के अधिकारियों और सर्वे टीम का ग्रामीणों ने घेराव किया और विरोध प्रदर्शन करते हुए उन्हें क्षेत्र से वापस लौटने पर मजबूर कर दिया। सरपंच एवं पूर्व सरपंचों ने भी इस पूरे मामले में कड़ी आपत्ति जताते हुए पारदर्शिता और ग्राम सभा की सहमति को अनिवार्य बताया।

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना जानकारी और सहमति के किसी भी प्रकार की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और अब प्रशासन एवं एनएमडीसी की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post