तुलिका कर्मा बोलीं — जनविरोधी फैसले वापस लो, नहीं तो एक हफ्ते में उग्र आंदोलन
दंतेवाड़ा।
शहर में लिए जा रहे कथित जनविरोधी फैसलों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने आज नगर पालिका दंतेवाड़ा पर जोरदार हमला बोला। शहर में लगाए गए रेलिंग हटाने, छोटे ग्रामीण व्यापारियों को राहत देने और बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के निजीकरण को रद्द करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नगर पालिका के फैसले आम जनता के हित में नहीं बल्कि चुनिंदा निजी लोगों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से लिए जा रहे हैं। आगामी फागुन मेले को देखते हुए ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में छोटे व्यापारी जिला मुख्यालय पहुंचेंगे, लेकिन शहर में लगी रेलिंग उनके लिए बड़ी परेशानी बन गई है।
जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा ने नगर पालिका की नीतियों को गरीब विरोधी बताते हुए कहा कि रेलिंग लगने के बाद सबसे ज्यादा नुकसान छोटे ग्रामीण व्यापारियों को हो रहा है। जमीन पर छोटी-छोटी दुकानें लगाने वाले व्यापारी न ठीक से बैठ पा रहे हैं और न ही सामान व्यवस्थित कर पा रहे हैं, जिससे उनकी रोज़ी-रोटी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के निजीकरण को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आरोप लगाया कि यात्रियों के लिए बने स्थान पर होटल और व्यावसायिक दुकानें संचालित हो रही हैं, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को बैठने तक की जगह नहीं मिल रही है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा शासित नगर पालिका पर गरीबों और यात्रियों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
ज्ञापन के माध्यम से नगर पालिका अध्यक्ष को सभी मांगों पर कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया गया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर रेलिंग नहीं हटाई गई, प्रतीक्षालय को यात्रियों के लिए बहाल नहीं किया गया और छोटे व्यापारियों को राहत नहीं दी गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सुमित्रा सोरी, इंदिरा शर्मा, राधा नाग, संजय विश्वकर्मा, अविनाश सरकार, वेदांत पांडे, राकेश मंडावी, त्रिशांक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags
दंतेवाड़ा अपडेट