कुआकोंडा।
कुआकोंडा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के लगातार बढ़ते जनाधार से कांग्रेस पार्टी बुरी तरह बौखला गई है। मुद्दाविहीन कांग्रेस अब भाजपा की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से गुंडागर्दी, डराने-धमकाने जैसे निराधार और ओछे आरोप लगाकर साजिश रच रही है।
भाजपा नेता सुमित सिंह भदौरिया ने कहा कि कांग्रेस द्वारा उनके नाम को जबरन घसीटते हुए रैली, नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन किया गया, जबकि वास्तविक मामला पूरी तरह अलग है। यह विवाद एक युवक अब्दुल हनीफ और अनुज भदौरिया के बीच का है, जिसका भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने बताया कि अब्दुल हनीफ अवैध रूप से धान बेचने के उद्देश्य से कुआकोंडा धान खरीदी केंद्र पहुँचे थे। ग्रामीणों द्वारा यह कहे जाने पर कि केंद्र में केवल किसानों का धान खरीदा जाएगा, इसी बात से आहत होकर अब्दुल हनीफ द्वारा अनुज सिंह से गाली-गलौज की गई, जिससे विवाद उत्पन्न हुआ। इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस ने जानबूझकर राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया और आदिवासी समाज के नाम का भी दुरुपयोग करने की नाकाम कोशिश की। कांग्रेस इस प्रकरण में अपने ही पार्टी कार्यकर्ता विनय प्रताप सिंह को भी भाजपा से जोड़ने का प्रयास कर रही है, जबकि वह वर्षों से कांग्रेस का सक्रिय कार्यकर्ता रहा है और हाल ही में जिला अध्यक्ष के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस कार्यालय में उपस्थित था, जिसके फोटो साक्ष्य भी उपलब्ध हैं।
सुमित सिंह भदौरिया ने स्पष्ट किया कि न तो अनुज सिंह किसी राजनीतिक दल से जुड़े हैं और न ही उनका इस घटना से कोई संबंध है। इस पूरे प्रकरण को विवादित करने के पीछे कांग्रेस नेता अवधेश गौतम की भूमिका स्पष्ट है, जिन्हें जनता ने हर चुनाव—चाहे जिला पंचायत हो, जनपद, विधायक या सांसद—में लगातार नकारा है। राजनीतिक असफलता से हताश होकर वे झूठे आरोपों की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उनका सभी समाजों के साथ भाईचारे और सम्मानपूर्ण संबंध रहा है। भाजपा हमेशा पीड़ित, वंचित और किसानों के अधिकारों के साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है। इसी लोकप्रियता से घबराकर कांग्रेस इस तरह की ड्रामेबाजी कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों के समर्थन में कांग्रेस खड़ी हो रही है, उनके परिजनों पर आदिवासी महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ जैसे गंभीर आरोप रहे हैं और पॉक्सो एक्ट जैसी धाराओं में जेल भी हो चुकी है। ऐसे लोगों के समर्थन में उतरकर कांग्रेस ने अपनी मानसिकता उजागर कर दी है। भाजपा नेता ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार, तथ्यहीन और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया।