बचेली (दंतेवाड़ा)। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बचेली पुलिस द्वारा नगर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का भरोसा जगाया गया, वहीं असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
फ्लैग मार्च थाना परिसर से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, हनुमान मंदिर चौक, अंबेडकर भवन, सुभाष नगर, मुख्य बाजार, हेलीपेड मार्ग, एनएमडीसी चेक पोस्ट, एनएमडीसी कॉलोनी, लेबर हाटमेंट, पुराना मार्केट सहित विभिन्न वार्डों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से होते हुए पुनः थाना परिसर में समाप्त हुआ। इस दौरान पुलिस जवानों ने पैदल मार्च कर नागरिकों से शांति एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू ने बताया कि होली के दौरान हुड़दंग, शराब पीकर वाहन चलाने, जबरन रंग लगाने तथा किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों पर सख्त नजर रखी जाएगी।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।पुलिस अधिकारियों ने नगरवासियों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल के अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Tags
बचेली अपडेट