किरंदुल में दावत-ए-रोजा इफ्तार का भव्य आयोजन, भाईचारे और सौहार्द की मिसाल।

मुस्लिम अंजुमन कमेटी जामा मस्जिद का आयोजन – जनप्रतिनिधि, एनएमडीसी व सामाजिक संस्थाओं की उपस्थिति में रोजेदारों ने खोला इफ्तार, देश व नगर में शांति की दुआ। 

किरंदुल। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर किरंदुल स्थित मुस्लिम अंजुमन कमेटी जामा मस्जिद द्वारा दावत-ए-रोजा इफ्तार का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रोजेदारों के साथ एनएमडीसी किरंदुल प्रबंधन, आर्सेलर मित्तल कंपनी के प्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इफ्तार के निर्धारित समय पर रोजेदारों ने सामूहिक रूप से रोजा खोला और इबादत करते हुए नगर सहित पूरे देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ मांगी। आयोजन स्थल पर मुस्लिम अंजुमन कमेटी जामा मस्जिद की ओर से सभी मेहमानों के लिए इफ्तार की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसमें सभी धर्मों और समुदायों के लोग एक साथ बैठकर इफ्तार में शामिल हुए।
इस दौरान उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि रमज़ान का महीना त्याग, संयम, सेवा और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में आपसी सौहार्द, एकता और प्रेम को मजबूत करते हैं।
दावत-ए-इफ्तार के इस पवित्र आयोजन ने नगर में भाईचारे और सद्भाव का सुंदर संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए विशेष दुआएं की गईं और समाज में शांति व आपसी प्रेम बनाए रखने का संदेश दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post