जमाखोरी पर कड़ी रोक, पर जनता बेहाल — बॉटल में पेट्रोल बंद, राहगीर मजबूर।

सरकारी सख्ती के बीच आम लोगों की बढ़ी परेशानी, खाली टंकी वाले वाहन चालक सड़क पर लाचार
दंतेवाड़ा।
"तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो रही जहां नियमों के चलते एक बच्चा अपनी बाइक की टंकी लेकर पेट्रोल पंप पहुंचा और पेट्रोल की मांग की"


पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी रोकने के लिए प्रशासन द्वारा जारी सख्त निर्देश अब आम जनता के लिए नई मुसीबत बनते नजर आ रहे हैं। खाड़ी देशों में जारी युद्ध के असर के चलते ईंधन आपूर्ति को लेकर सतर्कता बरती जा रही है, जिसके तहत पेट्रोल पंपों को स्पष्ट आदेश दिया गया है कि किसी भी प्रकार के कंटेनर या बोतल में पेट्रोल-डीजल न दिया जाए।
प्रशासन का यह कदम जमाखोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है, लेकिन इसका सीधा असर अब आम वाहन चालकों पर पड़ रहा है। पेट्रोल पंप संचालक नियमों का हवाला देते हुए 500 एमएल जैसी छोटी मात्रा में भी पेट्रोल देने से इंकार कर रहे हैं।
सबसे बड़ी समस्या उन लोगों के सामने आ रही है जिनकी गाड़ी रास्ते में ही पेट्रोल खत्म होने से बंद हो जाती है। ऐसे में यदि पेट्रोल पंप कई किलोमीटर दूर हो, तो वाहन को धकेलकर वहां तक ले जाना न सिर्फ मुश्किल बल्कि कई बार असंभव हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियम जमाखोरी रोकने के लिए बनाए गए हैं, तो जरूरतमंदों के लिए एक सीमित मात्रा में पेट्रोल देने की व्यवस्था भी होनी चाहिए। ताकि आपात स्थिति में फंसे लोग कम से कम अपने वाहन को सुरक्षित स्थान या पेट्रोल पंप तक पहुंचा सकें।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या प्रशासन को इस नियम में व्यावहारिक सुधार करने की जरूरत नहीं है? क्या जनता की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोई मध्य मार्ग नहीं निकाला जा सकता?
फिलहाल, सख्ती के इस फैसले ने आम लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है, जिससे लोगों में असंतोष भी देखने को मिल रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post