बचेली। एनएमडीसी के डिपॉजिट-5 क्षेत्र में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार डंपर में लोडिंग कार्य के दौरान अचानक कटाव क्षेत्र से एक भारी-भरकम बोल्डर ढहकर नीचे आ गिरा और लोडिंग के लिए खड़े डंपर के पिछले हिस्से से टकरा गया।
हादसे के समय डंपर का संचालन कर रहे ऑपरेटर हलधर सेठिया को जोरदार झटका लगा, जिससे वे घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक उनके घुटनों में चोट आई है उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर जांच एवं उपचार के लिए उन्हें रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो सका है। एनएमडीसी प्रबंधन की ओर से भी घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि कर्मचारियों का कहना है कि हाल के दिनों में इस तरह की यह तीसरी घटना है, जिससे खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
कर्मचारियों और श्रमिकों का कहना है कि खदान क्षेत्रों में लगातार हो रही घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा मानकों की समीक्षा और निगरानी को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
Tags
बचेली अपडेट