बढ़ती महंगाई के खिलाफ बचेली में SKMS प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन।

एटक के बैनर तले हनुमान मंदिर चौक में धरना-प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
बचेली, दंतेवाड़ा।
दंतेवाड़ा जिले के बचेली नगर में लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। छत्तीसगढ़ राज्य एटक के आव्हान पर कार्यकर्ताओं, मजदूरों और आम नागरिकों ने हनुमान मंदिर चौक में जोरदार धरना-प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बचेली को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्यान्न और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों पर गहरी नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। एक ओर जरूरी सामानों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोगों की आमदनी में कोई बढ़ोतरी नहीं हो रही, जिससे परिवार चलाना बेहद मुश्किल होता जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस से लेकर खाद्यान्न तक हर चीज आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल नियंत्रण लगाया जाए और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को मजबूत बनाकर गरीब परिवारों को राहत दी जाए।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षित बेरोजगार युवाओं की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रोजगार के अवसर लगातार घटते जा रहे हैं, जिससे युवा वर्ग निराशा और आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। मजदूरों और कर्मचारियों के वेतन में वृद्धि की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
एटक कार्यकर्ताओं ने सरकारी संस्थानों के निजीकरण का विरोध करते हुए कहा कि इससे रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और आम जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है। धरना-प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post