सट्टा पट्टी और ₹35 हजार से अधिक नगदी बरामद, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
बचेली।
जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्ती बरत रही दंतेवाड़ा पुलिस ने लौह नगरी बचेली में लंबे समय से संचालित सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन और मार्गदर्शन में सायबर सेल तथा बचेली पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को दबिश देकर आरोपी जयदेव अग्रवाल को सट्टा पट्टी और नगदी के साथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बचेली क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रूप से सट्टा संचालित किया जा रहा है, जिससे युवाओं और आम नागरिकों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल प्रभारी ठाकुर गौरव सिंह, एसआई रामविलास नेगी एवं उनकी टीम ने रणनीति तैयार की। इसके बाद बचेली थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू और पुलिस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी सहित ₹35,175 नगद बरामद किए। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में डर का माहौल देखा गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ सट्टा अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद सट्टा कारोबार के खिलाफ इतनी प्रभावी और सख्त कार्रवाई देखने को मिली है। बचेली पुलिस और सायबर सेल की इस संयुक्त कार्रवाई को कानून व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
Tags
बचेली अपडेट