जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पर बचेली में गूंजा भाईचारे और अमन का पैगाम,मुस्लिम समाज ने निकाला जुलूस।

जामा मस्जिद से निकला भव्य जुलूस, जगह-जगह हुआ स्वागत; देश में अमन, शांति, तरक्की और आपसी सद्भाव की मांगी गई दुआ। 

बचेली। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के मुबारक अवसर पर बचेली मुस्लिम समाज द्वारा जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी बड़े ही उत्साह, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने नमाज अदा कर देश की तरक्की, अमन-चैन, शांति, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की।
ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर जामा मस्जिद बचेली से भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस नगर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। बुजुर्गों से लेकर युवाओं और बच्चों तक में खासा उत्साह देखने को मिला।
जुलूस के नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों एवं नगरवासियों द्वारा जुलूस का स्वागत किया गया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी और आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भावना का संदेश दिया।
पूरे जुलूस के दौरान धार्मिक नारों और मिलाद की गूंज से नगर का माहौल भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण नजर आया। समाज के लोगों ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल खुशी मनाने का अवसर ही नहीं, बल्कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का भी दिन है। उन्होंने प्रेम, इंसानियत, रहम, भाईचारे और शांति का संदेश दिया, जिसे समाज में आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
मुस्लिम समाज ने इस मुबारक अवसर पर देश में अमन-चैन, भाईचारा, शांति, सद्भावना और खुशहाली कायम रहने की दुआ की। साथ ही सभी धर्मों और समुदायों के लोगों से आपसी प्रेम एवं सौहार्द के साथ मिल-जुलकर रहने की अपील की।
जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के आयोजन ने बचेली की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

Post a Comment

Previous Post Next Post