ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को लेकर नगर पालिका ने चलाया जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
बड़े बचेली। सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद बड़े बचेली द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि घर, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों से निकलने वाले कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण किया जाना आवश्यक है। गीले, सूखे एवं अन्य प्रकार के कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालने, खुले में कचरा नहीं फेंकने तथा कचरा जलाने से बचने की जानकारी दी गई।
इस दौरान विद्यार्थियों को रीसाइक्लिंग, रीयूज, गीले कचरे से कम्पोस्ट तैयार करने और प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन के बारे में भी समझाया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्वच्छ विद्यालय और स्वच्छ शहर के निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
नगर पालिका की टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी कचरा अलग-अलग रखने और निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना तथा “स्वच्छ पाठशाला – युवा फॉर स्वच्छता” के माध्यम से युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
नगर पालिका परिषद बड़े बचेली द्वारा इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी है।
Tags
बचेली अपडेट