BTOA चुनाव में बदलाव की लहर! ‘उगता सूरज’ पैनल को मिल रहा अपार समर्थन।


BTOA चुनाव में बदलाव की लहर! ‘उगता सूरज’ पैनल को मिल रहा अपार समर्थन

उमेश सिंह गौतम लगातार उठाते रहे हैं ट्रक मालिकों की आवाज, पारदर्शिता, पार्किंग और समस्याओं के समाधान का संकल्प बना चुनावी चर्चा का केंद्र

किरंदुल। बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (BTOA) के वार्षिक चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी अब तेज हो गई है। आगामी 20 सितंबर को होने वाले मतदान से पहले दोनों पैनलों ने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं, इस बार चुनाव में बदलाव की चर्चा के बीच उमेश सिंह गौतम के नेतृत्व वाले ‘उगता सूरज’ पैनल को सदस्यों का अपार समर्थन मिलने की चर्चा जोर पकड़ रही है।

ट्रक मालिकों की आवाज बनकर लगातार उठाते रहे हैं मुद्दे

‘उगता सूरज’ पैनल के प्रमुख चेहरे उमेश सिंह गौतम लंबे समय से BTOA और ट्रक मालिकों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। परिवहन क्षेत्र की समस्याओं, सदस्यों की परेशानियों और संस्था के कामकाज में सुधार की जरूरत को लेकर उनकी लगातार आवाज उठाने की भूमिका इस चुनाव में चर्चा का विषय बनी हुई है।

समर्थकों का कहना है कि इस बार चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं, बल्कि संस्था के कामकाज में बदलाव, जवाबदेही और सदस्यों की भागीदारी से जुड़ी उम्मीदों का चुनाव भी बनता जा रहा है।

पुराने चेहरों के बीच बदलाव का मुद्दा

BTOA चुनाव को लेकर सदस्यों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि लंबे समय से कुछ पुराने चेहरों को अलग-अलग पदों पर अवसर मिलने के बावजूद संस्था से जुड़े कई जमीनी मुद्दों का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पाया। ऐसे में इस बार बदलाव की मांग और नई कार्यशैली की उम्मीद चुनावी चर्चा के केंद्र में दिखाई दे रही है।

‘उगता सूरज’ पैनल अपने संकल्प पत्र के माध्यम से पारदर्शिता, जवाबदेही, सदस्यों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और बेहतर व्यवस्थाओं का भरोसा दिला रहा है।

पार्किंग और वित्तीय पारदर्शिता प्रमुख मुद्दे

ट्रक मालिकों के लिए पार्किंग व्यवस्था लंबे समय से एक महत्वपूर्ण समस्या बनी हुई है। ‘उगता सूरज’ पैनल ने दंतेवाड़ा, किरंदुल और बचेली में संस्था के वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था के प्रयास करने का संकल्प रखा है।

इसके साथ ही संस्था के वित्तीय कामकाज में पारदर्शिता को लेकर भी पैनल ने स्पष्ट प्रस्ताव रखे हैं। संकल्प पत्र में प्रत्येक तीन माह में आंतरिक ऑडिट, आय-व्यय की स्पष्ट जानकारी और कार्यालय के डिजिटलीकरण जैसे मुद्दों को शामिल किया गया है।

‘मैं’ नहीं, ‘हम सभी’ का संदेश

उमेश सिंह गौतम के नेतृत्व वाला पैनल अपने प्रचार अभियान में “बी.टी.ओ.ए. में ‘मैं’ नहीं, ‘हम सभी’ की बात होगी, सबका साथ, सबका विकास होगा” का संदेश दे रहा है। सदस्यों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिदिन एक पदाधिकारी की नियुक्ति का प्रस्ताव भी पैनल के संकल्प पत्र में शामिल है।

चुनाव नजदीक आने के साथ ही BTOA के सदस्यों के बीच बदलाव, पारदर्शिता, पार्किंग और जवाबदेही जैसे मुद्दों पर चर्चा बढ़ती जा रही है। ‘उगता सूरज’ पैनल को मिल रहे समर्थन की चर्चाओं ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। अब 20 सितंबर को होने वाला मतदान यह स्पष्ट करेगा कि सदस्य किस दिशा में अपना जनादेश देते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post