बचेली का बेटा कर रहा है नाम रोशन – लोकेश कुमार यादव ने ग्वालियर एयरपोर्ट पर मुख्य अतिथि के रूप में फहराया तिरंगा।

राकेश के पिता शिवकुमार यादव बचेली के एक व्यवसाई है। 

बचेली। नगर के लिए यह अत्यंत गर्व का क्षण है कि बचेली के होनहार पुत्र श्री लोकेश कुमार यादव, वर्तमान में एयरपोर्ट डायरेक्टर ग्रेड–IV, राजमाता विजयराजे सिंधिया टर्मिनल, ग्वालियर, ने 77वें गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर ग्वालियर एयरपोर्ट परिसर में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।

श्री लोकेश कुमार यादव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, बचेली से प्राप्त की। उन्होंने केजी-1 में वर्ष 1990 में प्रवेश लिया तथा वर्ष 2003 में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की। इसके पश्चात उन्होंने रायपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रायपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (2003–2007) में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने 2008 से 2009 तक एनआईटी रायपुर में बायोमेडिकल विभाग में व्याख्याता के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2009 में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में चयन होने के बाद उन्होंने 4 मई 2009 को प्रयागराज स्थित सिविल एविएशन ट्रेनिंग सेंटर, बमरौली में प्रशिक्षण प्राप्त किया।

 उनकी पहली पदस्थापना 21 सितंबर 2009 को भुवनेश्वर एयरपोर्ट में जूनियर एक्जीक्यूटिव (इलेक्ट्रॉनिक्स) के रूप में हुई। अगस्त 2013 में उनका स्थानांतरण स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर में सहायक प्रबंधक (इलेक्ट्रॉनिक्स) के पद पर हुआ, जहां उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करते हुए सहायक महाप्रबंधक (इलेक्ट्रॉनिक्स) तक का सफर तय किया। उनकी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए 3 सितंबर 2025 को उन्हें एयरपोर्ट डायरेक्टर ग्रेड–IV के पद पर चयनित किया गया तथा राजमाता विजयराजे सिंधिया टर्मिनल, ग्वालियर में पदस्थ किया गया। उन्होंने 23 सितंबर 2025 को एयरपोर्ट डायरेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला।

26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर श्री यादव द्वारा ग्वालियर एयरपोर्ट में ध्वजारोहण किया गया, इस दौरान एयरपोर्ट के अधिकारी, कर्मचारी एवं सुरक्षा बलों की उपस्थिति में भव्य समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण देखने को मिला। उनकी इस उपलब्धि से बचेली सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है। नगरवासियों ने इसे बचेली के लिए ऐतिहासिक गौरव बताया है। श्री लोकेश कुमार यादव की सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

Post a Comment

Previous Post Next Post