नन्हे कदमों की गूंज से सजा वार्षिकोत्सव: माई किड्ज नर्सरी बचेली में बच्चों संग पालकों ने भी जिया अपना बचपन।

 
दिवसीय आयोजन में 3 से 5 वर्ष के बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, पालकों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
बचेली।

नगर के प्रतिष्ठित माई किड्ज नर्सरी स्कूल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव कार्यक्रम बच्चों और अभिभावकों के उत्साह से सराबोर रहा। शुक्रवार को कार्यक्रम का भव्य आगाज़ हुआ, वहीं शनिवार को रंगारंग समापन के साथ समारोह संपन्न हुआ। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी मासूम अदाओं और प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया, जबकि अभिभावकों ने भी खेलों में हिस्सा लेकर बचपन की यादें ताजा कर दीं।
3 से 5 वर्ष के बच्चों ने विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं में भाग लिया। इनमें 50 मीटर दौड़, कैप रेस, जंपिंग रेस, बॉल रेस और वेजिटेबल रेस प्रमुख रहीं। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और आत्मविश्वास ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विद्यालय द्वारा अभिभावकों के लिए भी विशेष खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें रस्साकशी, लेमन रेस और म्यूजिकल रेस शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में पालकों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया और वातावरण को हर्षोल्लास से भर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रह्लाद कुमार साहू, पार्षद हरीश शर्मा, पत्रकार नफीज कुरैशी एवं गोविंद नाग उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की प्राचार्य शेरीन वर्मा ने सफल आयोजन के लिए सभी अभिभावकों, अतिथियों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ विद्यालय और परिवार के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दो दिनों तक चला यह उत्सव हंसी, उमंग और आत्मविश्वास की मिसाल बन गया, जिसने नन्हे कदमों को बड़े सपनों की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। 

Post a Comment

Previous Post Next Post