पालिका उपाध्यक्ष के वार्ड में ही सरकारी जमीन पर भू माफियाओं का कब्ज़ा।
दंतेवाड़ा, 16 फरवरी। नगर पालिका क्षेत्र में इन दिनों सरकारी जमीनों पर बेतरतीब अतिक्रमण का मामला चर्चा में है। नगर के वार्ड क्रमांक 12 पातररास समेत अन्य वार्डों में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना राजनीतिक संरक्षण के इस तरह का कब्जा संभव नहीं है।
जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 12, जो नपा उपाध्यक्ष कैलाश मिश्रा का वार्ड है, वहां गोठान के आसपास की सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण हुआ है। इसी तरह वार्ड क्रमांक 3 कतियाररास में स्कूल के पीछे और भैरव बाबा मंदिर के आसपास भी झुग्गियां खड़ी कर दी गई हैं। वन अधिकार पट्टा की आड़ में भी जमीनों पर कब्जे के आरोप लगाए जा रहे हैं।
सरकार द्वारा अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नजर नहीं आ रही। नगर पालिका और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वर्तमान में राजस्व उप निरीक्षक जयहरी सिंह पर पूरे 15 वार्डों में अतिक्रमण रोकने की जिम्मेदारी है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति बिगड़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि यही हाल रहा तो भविष्य में जनहित के कार्यों के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध कराना मुश्किल हो जाएगा। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर सरकारी जमीनों पर हो रहे इस अतिक्रमण को कौन रोकेगा?
Tags
दंतेवाड़ा अपडेट