सुबह करीब 10 बजे लगी आग पर संयुक्त टीम ने पाया काबू, महुआ बीनने वालों द्वारा लगाई गई आग होने की आशंका।
बचेली। नगर के वार्ड क्रमांक 5 के समीप मुख्य मार्ग स्थित गैस गोदाम के पीछे झाड़ियों में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अचानक भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी प्रहलाद साहू ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायर बिग्रेड को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन टीम ने संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पा लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि महुआ बीनने वालों द्वारा दूर पेड़ के नीचे पत्तों में लगाई गई आग सूखी झाड़ियों तक फैल गई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से आग गैस गोदाम तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
सीआईएसएफ की अग्निशमन टीम एवं स्थानीय पुलिस की मुस्तैदी और तत्परता से आग पर शीघ्र नियंत्रण पा लिया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खुले स्थानों पर आग लगाने से बचें और सतर्कता बरतें।
Tags
बचेली ब्रेकिंग