116वीं वर्षगांठ पर सर्व आदिवासी समाज द्वारा माल्यार्पण व पारंपरिक रीति-रिवाजों से सम्मान, जयकारों से गूंजा चौक
बचेली: बस्तर महान भूमकाल स्मृति दिवस की 116वीं वर्षगांठ के अवसर पर बचेली के वीर शहीद गुण्डाधुर चौक में सर्व आदिवासी समाज एवं विभिन्न समाजों द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी अमर शहीद वीर गुंडाधुर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए तथा दीप प्रज्वलित कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भूमकाल में शहीद हुए सभी क्रांतिकारियों को नमन किया गया। आदिवासी वीरों के जयकारों से समूचा गुण्डाधुर चौक गूंज उठा।
इस अवसर पर मूल बस्तरिया समाज सहित मुरिया, धुरवा, कलार, रावत, माड़िया, माहरा, गोंड, कोया समेत विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, समाज प्रमुख, युवा एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। वक्ताओं ने वर्ष 1910 के ऐतिहासिक भूमकाल विद्रोह में अमर शहीद गुंडाधुर सहित अन्य वीरों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए नई पीढ़ी से उनके आदर्शों पर चलने तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से बस्तर के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए समाज में एकता, जागरूकता और स्वाभिमान का संदेश दिया गया।
Tags
बचेली अपडेट