भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क पीडब्लूडी की देखरेख में बनी थी पांच साल तक मेंटनेंस का ठेकेदार ने किया था अनुबंध।
लगातार शिकायतों और प्रशासन से पैरवी के बाद शुरू हुआ मरम्मत कार्य, मौके पर पहुंचकर पालिका अध्यक्ष ने लिया जायजा
दंतेवाड़ा। औद्योगिक नगरी बचेली के बहुप्रतीक्षित गौरव पथ की बदहाल स्थिति को लेकर लगातार आवाज उठाने के बाद आखिरकार नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल की पहल रंग लाई। वर्षों से जर्जर हो चुकी सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। शुक्रवार को पालिका अध्यक्ष स्वयं मौके पर पहुंचे और चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
करीब तीन वर्ष पहले निर्मित गौरव पथ समय से पहले ही खराब हो गया था। बारिश के दौरान सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बनने से आम नागरिकों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई थी, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी।
नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने सड़क की बदहाल स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पहले लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मरम्मत कराने की मांग की। विभागीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। प्रशासनिक पहल के बाद अब गौरव पथ पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान राजू जायसवाल ने कहा कि आम जनता की सुविधा उनकी प्राथमिकता है। लंबे समय से लोग खराब सड़क के कारण परेशान थे, इसलिए लगातार प्रशासन के समक्ष इस मुद्दे को उठाया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरम्मत कार्य केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण हो, ताकि लोगों को वास्तविक राहत मिल सके।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश को देखते हुए सड़क के गड्ढों को मुरुम डालकर भरा जा रहा है, जिससे आवागमन सुचारु रहे। विभाग का कहना है कि यह फिलहाल अस्थायी व्यवस्था है और मौसम अनुकूल होने पर आगे आवश्यक कार्य किए जाएंगे।
गौरव पथ बचेली नगर ही नहीं, आसपास के कई गांवों को भी जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से प्रतिदिन हजारों लोग बाजार, अस्पताल, स्कूल और कार्यालयों तक पहुंचते हैं। स्थानीय नागरिकों ने मरम्मत कार्य शुरू होने पर संतोष जताया है, लेकिन साथ ही मांग की है कि भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए भविष्य में इस सड़क का स्थायी और मजबूत निर्माण कराया जाए, ताकि बार-बार मरम्मत की आवश्यकता न पड़े।
क्या वैकल्पिक व्यवस्था के बाद सड़क पीडब्लूडी विभाग संबंधित ठेकेदार से करवाएगा स्थायी समाधान या इसी तरह चलता रहेगा थूक पालिश का कार्य।
Tags
बचेली अपडेट