दंतेवाड़ा:- नगरनार स्टील भर्ती में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता की मांग, बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन।

“बस्तर के संसाधनों पर पहला हक, बस्तर के युवाओं के रोजगार पर भी हो स्थानीय प्राथमिकता”

दंतेवाड़ा, 
नगरनार स्टील प्लांट में जारी Executive Trainee भर्ती प्रक्रिया को लेकर बस्तर के स्थानीय युवाओं के हितों का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा, जिला दंतेवाड़ा ने भर्ती प्रक्रिया में बस्तर संभाग के योग्य युवाओं को प्राथमिकता देने सहित कई मांगों को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल, मुख्य सचिव, संबंधित विभागों तथा एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के CMD, CGM एवं अन्य अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा।


संगठन ने एनएमडीसी स्टील लिमिटेड, नगरनार द्वारा जारी Employment Notification No. 05/2026 की भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा करने की मांग की है। मोर्चे का कहना है कि बस्तर संभाग के सातों जिलों के रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत योग्य एवं शिक्षित बेरोजगार युवाओं के साथ-साथ परियोजना प्रभावित परिवारों को लागू कानूनों एवं नीतियों के अनुरूप रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

नगरनार-जगदलपुर में हो GD और इंटरव्यू

ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि भर्ती प्रक्रिया के तहत होने वाले ग्रुप डिस्कशन एवं इंटरव्यू का आयोजन नगरनार अथवा जगदलपुर में किया जाए, ताकि बस्तर के स्थानीय अभ्यर्थियों को दूसरे शहरों में जाने और ठहरने के लिए अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े।

मोर्चा ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए विधि विशेषज्ञ, विषय विशेषज्ञ एवं स्वतंत्र विशेषज्ञों की सहभागिता सुनिश्चित करने की मांग भी की है।

“यह किसी राज्य के युवाओं के खिलाफ नहीं, स्थानीय अधिकार की लड़ाई”

बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के मुख्य संयोजक एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के बस्तर संभाग अध्यक्ष नवनीत चाँद ने कहा कि बस्तर की धरती, जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित उद्योगों में यहां के योग्य युवाओं को न्यायपूर्ण अवसर मिलना सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों का प्रश्न है।

उन्होंने कहा कि संगठन का संघर्ष किसी राज्य या क्षेत्र के युवाओं के खिलाफ नहीं है, बल्कि बस्तर के युवाओं को समान अवसर, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और विधिसम्मत स्थानीय भागीदारी दिलाने के लिए है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय युवाओं के हितों की लगातार उपेक्षा की गई तो बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा संविधान और कानून के दायरे में रहकर व्यापक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन की प्रमुख पदाधिकारी श्रीमती अलका आनंद, जिला अध्यक्ष रैमोन मरकामी, कुरसो राम मौर्य, सचिव हिड़मा पोडियम, यूथ अध्यक्ष रमेश कुहारमी, यूनियन सदस्य फोदिया मरकाम, सायबो सोड़ी, राजेश कश्यप, सीताराम सोड़ी, रमेश बरसा, करण कुंजाम, पूर्णिमा दांतर, कुमारी भास्कर, सरिता यादव, निहारिका सिंह, आकाश जॉन, किरण, पदमा माला, संतरा, कुंती, कमल बघेल, बंदी कश्यप एवं लिम्बु मांडवी सहित संगठन के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्य मांग: नगरनार स्टील की भर्ती में बस्तर के योग्य युवाओं को मिले न्यायसंगत अवसर, स्थानीय अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया हो सुलभ, पारदर्शी और निष्पक्ष।

Post a Comment

Previous Post Next Post