शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुराना मार्केट बचेली में आयोजित बैठक में पालकों की सक्रिय भागीदारी।
बचेली, 10 फरवरी। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुराना मार्केट बचेली में मंगलवार को शाला समिति अध्यक्षा पुष्पा सिंह जी के नेतृत्व में शिक्षक-पालक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ करना, बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना तथा पालकों की सहभागिता बढ़ाना रहा।
बैठक में विद्यालय से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था, छात्राओं की नियमित उपस्थिति, शिक्षा स्तर को बेहतर बनाने के उपाय तथा बालिकाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
पालकों से संवाद करते हुए छात्राओं की पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने और घर-विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान पालकों ने भी अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए, जिन पर सकारात्मक चर्चा करते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया। साथ ही विद्यालय गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं शैक्षणिक आयोजनों में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न रणनीतियों पर भी सहमति बनी।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या चंद्रकला ठाकुर जी सहित अन्य शिक्षिकाएं एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया तथा बैठक को उपयोगी और प्रेरणादायी बताया।
Tags
बचेली अपडेट