ठेका बंद होते ही कोचिए चालू: बचेली में रात होते ही अवैध शराब कारोबार बेलगाम।

रिहायशी इलाकों में देर रात तक हंगामा, महिलाओं-बच्चों का जीना मुश्किल — आखिर कहां से आ रही है अवैध शराब की सप्लाई?

डीएम सोनी 
बचेली। नगर में इन दिनों अवैध शराब का कारोबार पूरी तरह बेलगाम होता नजर आ रहा है। रिहायशी इलाकों में ‘कोचियों’ द्वारा खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है, जिससे आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। जैसे ही रात होते ही सरकारी शराब दुकानें बंद होती हैं, वैसे ही इन अवैध विक्रेताओं की सक्रियता तेजी से बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे मोहल्लों का माहौल बिगड़ता जा रहा है। कई बार गाली-गलौच, मारपीट और हंगामे की स्थिति बन जाती है। इस कारण खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अहम सवाल यह उठ रहा है कि इन कोचियों तक शराब की सप्लाई आखिर कहां से हो रही है? क्या सरकारी ठेकों से ही बड़ी मात्रा में शराब खरीदकर उसे अवैध रूप से बेचा जा रहा है, या फिर अन्य जिलों से इसकी सप्लाई की जा रही है?
सूत्रों के मुताबिक, कुछ लोग सरकारी दुकानों से अधिक मात्रा में शराब खरीदकर उसमें अतिरिक्त मुनाफा जोड़कर आगे बेचते हैं। इससे अवैध नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा है और प्रशासन की पकड़ कमजोर नजर आ रही है।
हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेता है और क्या अवैध कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई कर इस धंधे पर लगाम लगाई जाती है या नहीं।
🔜 अपकमिंग स्टोरी टीज़र:
“सरकारी ठेके में MRP से ज्यादा में शराब बिक्री?”
अगली खबर में करेंगे बड़ा खुलासा — सबूत और ग्राउंड रिपोर्ट के साथ

Post a Comment

Previous Post Next Post