बचेली :- मातृ दिवस ( मदर्स डे ) पर समर कैम्प में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति भवन में गूंजे उत्साह और संस्कार।

आर्ट-क्राफ्ट, नृत्य और रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों ने जीता दिल, अतिथियों ने सराहा एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग का प्रयास। 

बचेली।
छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति भवन बचेली में संचालित समर कैम्प के दौरान मातृ दिवस बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।
समिति के महासचिव महेंद्र कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी की छुट्टियों में बच्चों की रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बाल विकास समिति द्वारा प्रत्येक रविवार बाल विकास कक्षाएं संचालित की जाती हैं। साथ ही 01 अप्रैल से प्रारंभ हुआ समर कैम्प जून माह तक जारी रहेगा।
समर कैम्प में बच्चों को प्रशिक्षित करने का दायित्व श्रीमती हर्षिता (बीआईओपी किरंदुल में शिक्षिका) एवं शिल्पा मैडम द्वारा निभाया जा रहा है। हर्षिता मैडम ने बताया कि इस बार शिविर का मुख्य उद्देश्य एक्टिविटी बेस्ड लर्निंग के माध्यम से बच्चों को सीखने के साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। सुबह और शाम संचालित होने वाले इस शिविर में बच्चों को पेंटिंग, डांस, कहानी लेखन, आर्ट एंड क्राफ्ट सहित व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से दूर रखते हुए रचनात्मक और सकारात्मक गतिविधियों में व्यस्त रखना बेहद आवश्यक है, जिससे उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास बेहतर ढंग से हो सके।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी श्री प्रहलाद साहू, वरिष्ठ प्रबंधक मानव संसाधन एनएमडीसी बचेली श्रीमती अलका मैडम, सहायक प्रबंधक मानव संसाधन श्री परितोष मिश्रा सहित वरिष्ठ मातृ शक्तियां, वरिष्ठ नागरिक, पत्रकारगण, बच्चे एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा निर्मित आर्ट एवं क्राफ्ट अतिथियों को भेंट स्वरूप प्रदान किए गए तथा सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री लोकेश कुमार साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शिल्पा मैडम द्वारा किया गया। उत्साह और संस्कारों से भरा यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post